अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। शासन से चलाए गए राष्ट्रीय कृमि निवारण अभियान के तहत जिले में गुरुवार को बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाई गई। विभाग का दावा है कि जिले को मिली कुल टेबलेट का 90 प्रतिशत दवा बच्चों को खिला दी गई। शेष बचे लोगों को 17 अगस्त को यह दवा खिलाई जाएगी।
राष्ट्रीय कृमि मुक्त अभियान में गुरुवार को जनपद के प्रत्येक सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दो साल के बच्चे से लेकर 19 वर्ष तक के युवाओं को कृमि से मुक्ति की गोली बेसिक शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खिलाई।
इस अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. सुधांश कुमार दीक्षित ने बताया कि जनपद को 98 हजार गोली मिली थीं, जिसमें 90 प्रतिशत खिला दी गई हैं। उन्होंने बताया कि जो वंचित रह गए हैं उनको 17 अगस्त को दवा खिलाई जाएगी। बताया कि पेट में कीड़े होने से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास रुक जाता है, जिससे बच्चों का पढ़ाई व अन्य कार्यों में मन नहीं लगता है।
-98 हजार गोली खिलाने का लक्ष्य, 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने का दावा