अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। जिले में बगैर मान्यता के चल रहे स्कूलों पर शिकंजा कसे जाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शनिवार को सह समन्वयक ने सदर विकासखंड में संचालित हो रहे एक बगैर मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालय को पकड़ा है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
अभी हाल ही में बेसिक शिक्षा अधिकारी एसपी यादव ने खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए उनके क्षेत्र में संचालित हो रहे बगैर मान्यता के स्कूलों को चिह्नित करने एवं उन्हें तत्काल बंद कराए जाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में शनिवार को बीआरसी औरैया में कार्यरत सह समन्वयक संजय पांडेय ने दिबियापुर रोड स्थित एसबीडी स्कूल संचालित पाया। जिसमें कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। यह स्कूल एक मकान में संचालित हो रहा था।
जब सह समन्वयक ने विद्यालय में मौजूद टीचर महेश व राजेश से मान्यता संबंधी कागजात मांगे तो उनके पास कोई भी कागज नहीं मिले। प्रधानाचार्य के बारे में पूछे जाने पर उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। सह समन्वयक ने पूछताछ के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंडशिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर अमान्य तरीके से स्कूल चलाए जाने से अवगत करा दिया है तथा विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
- बीएसए को अवगत करा, कार्रवाई की मांग की