संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। विकास भवन सभागार में गुरुवार को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को लेकर आवेदकों के साक्षात्कार लिए गए। आवेदनों के तहत पहुंचे 550 लोगों के साक्षात्कार लेते हुए 493 का चयन योजना के लिए किया गया। इस मौके पर भारी संख्या में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।
विकास भवन सभागार के बाहर गुरुवार सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। विकास भवन कार्यालय के बाहर लोगों का जमावड़ा देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। बारी-बारी पीएम विश्वकर्मा योजना के लिए आवेदन करने वाले लोगों के साक्षात्कार लिए गए। इसमें दर्जी, बढई, लुहार, सुनार, मोची, नाव बनाने वाले, सश्त्र बनाने वाले, राजमिस्त्री, लुहार समेत 18 ट्रेड शामिल रहे। उद्यमी मित्र अनुराग अग्रहरी ने बताया कि 550 लोगों में से 493 लोगों का चयन किया गया है। इन्हें 15 हजार रुपये की कीमत की टूलकिट के साथ ही पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।