बिधूना। कस्बा स्थित उपकेंद्र में रविवार को ट्रांसफार्मर फुंकने से 440 बोल्ट का करंट एसटी से एलटी लाइन में दौड़ गया। इससे उपकेंद्र के छह फीडरों की मशीनों की वायरिंग जल गई।
ऐसे में उपकेंद्र के सभी फीडरों की बिजली सुबह 10 बजे बाधित हो गई। गर्मी में बिजली न आने के कारण 56 गांवों के उपभोक्ता परेशान हो गए। करीब सात घंटे बाद मरम्मत कार्य पूरा होने पर बिजली बहाल हो सकी।
रविवार सुबह करीब 10 बजे पावर हाउस पर रखे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर से अचानक 440 बोल्ट का करंट एलटी लाइन में आ गया। जिससे छह फीडरों की मशीनों की वायरिंग जल गई। खराबी आ जाने से बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
कस्बा के फीडर नंबर एक, दो, तीन व एरवाकटरा, पसुआ, लखनहारा, भैंसलोट, पुर्वा लक्ष्मीराम, चिरूकुआ, धनवाली, सूखाताल, परसारी पुर्वा, शाहूपुर की बिजली गुल हो गई।
इसके साथ ही मिश्रीपुर, जगराजपुर, शिवपुर, हमीरपुर, रायपुर, पुर्वा कमल सिंह, लुधपुरा, सराय प्रथम, शामपुर, बमुराह, रठगांव, भटौली, साहसपुर समेत 56 गांव में बिजली गुल रही।
सात घंटे बाद मरम्मत कार्य पूरा हो सका। इस दौरान गर्मी में लोग परेशान रहे। अवर अभियंता मोहित रस्तोगी ने बताया कि वायरिंग जलने व मशीनों तकनीकी खराबी होने से बिजली बाधित हुई थी। मशीनों की मरम्मत कर बिजली बहाल करा दी गई है।