बिधूना (औरैया)। कोतवाली पुलिस ने सीओ की मौजूदगी में शुक्रवार को कुदरकोट के पास से 440 टिन घी बरामद किया है। खाद्य सुरक्षा टीम ने पकड़े गए घी का नमूना लिया है। पुलिस ने गाड़ी को सीज किया गया है।
पुलिस को बड़े पैमाने पर माल बाहर ले जाने की सूचना मिल रही थी। शुक्रवार की सुबह बेला पुलिस ने चेकिंग शुरू किया। इस दौरान एक स्कॉर्पियो चेकिंग पर रुके बिना ही तेजी से भाग निकली। शक होने पर सीओ मुकेश प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी राजदेव प्रजापति ने गाड़ी का पीछा कर बिधूना-भरथना मार्ग पर कुदरकोट के पास स्कार्पियो को रोक लिया, तलाशी के दौरान गाड़ी में 40 टिन घी के मिले। जिस पर पुलिस ने घी से लदी गाड़ी को कोतवाली लाकर खड़ा करा दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी माता शंकर बिंदु ने घी का नमूना भरा और सभी टिन को सील कर दिया। कहा कि लैब से जांच आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान स्कार्पियो गाड़ी से घी बरामद किया गया है। चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है, पूछताछ की जा रही है। गाड़ी को सीज कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी माता शंकर बिंद ने बताया कि इस प्रकरण के बाद खाद्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ बेला-कानपुर रोड स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा। जहां फैक्ट्री से उन्होंने घी से भरे 400 और टिन बरामद किए। बरामद सभी टिन को सील कर दिया गया है। इस संबंध में सीओ बिधूना ने बताया कि मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।