कदौरा। कदौरा के उदनपुरा के पास एक अनियंत्रित स्कार्पियो सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा घुसी, हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बताया जा रहा है कि हमीरपुर से आ रही स्कार्पियो कदौरा की ओर जा रही थी। रास्ते में राठ कोतवाल की जीप को टक्कर मारने के बाद चालक स्कार्पियो तेजी से भगा रहा था। कुरारा में स्कार्पियो ने सड़क किनारे लगे ठेलों में भी टक्कर मारी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को सीएचसी पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देखकर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम बेरी निवासी आमिर खान पुत्र स्व. फूल खान गुरुवार को इंगोहटा रिश्तेदारी में गया था। शाम को वह अपनी स्कार्पियो से कदौरा की तरफ आ रहा था। जैसे ही हमीरपुर पुल के पास पहुंचा तभी हमीरपुर में क्राइम मीटिंग में शामिल होकर लौट रहे राठ कोतवाल की जीप में टक्कर मार दी। हादसे में कोतवाल व उनके हमराही बाल बाल बच गए।
हादसे के बाद आमिर स्कार्पियो की रफ्तार बढ़ाकर भाग निकला। उधर कोतवाल ने वायरलेस पर सूचना दे दी। हादसे से घबराया आमिर हड़बड़ाहट में हमीरपुर के कुरारा कस्बे में सड़क किनारे खड़ी मूंगफली व अमरूद बेचने वालों के ठेलों में टक्कर मारता हुआ निकल गया।
आमिर की स्कार्पियो जैसे ही कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम उदनपुर व रोगी के बीच पहुंची तो रफ्तार ज्यादा होने से स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में जा घुसी। हादसे में आमिर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होता देख आस पास मौजूद राहगीर दौड़ कर गढ़डे किनारे पहुंचे। उन्होंने किसी तरह स्कार्पियों में फंसे आमिर को बाहर निकाला और आनन फानन में सीएचसी के लिए रवाना कर पुलिस को सूचना दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस जीप में टक्कर मारकर चालक भगा रहा था स्कार्पियो
अमर उजाला ब्यूरो