औरैया। बुधवार को कोरोना संक्रमण से चार लोगों की मौत हो गई। 99 और संक्रमित मिले हैं। हालांकि विभागीय अधिकारी एक सप्ताह में संक्रमण की चेन टूटने की उम्मीद जता रहे हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 8430 हो गई है। 203 संक्रमित मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है। संक्रमण से ठीक होने वालों की कुल संख्या 6703 है। चार मौतों के साथ मृतकों की संख्या 111 हो गई है। एक्टिव केस 1617 हो गए हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट 299 हैं। चिचौली स्थित कोविड केयर सेंटर एल-टू में गंभीर संक्रमित 25 मरीजों का उपचार जारी है। जिले के बाहर के 12 अस्पतालों में 12 गंभीर संक्रमित मरीज भर्ती हैं। लखनऊ लैब से 1050 आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। सीएमओ ने कहा कि संक्रमण की चेन तोड़ने के प्रयास जारी हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या में बुधवार को कमी आई है। कोविड अस्पताल में मरीजों का बेहतर उपचार किया जा रहा है। ऑक्सीजन और दवाओं की कमी नहीं है।
बिना पीपीई किट कोरोना जांच
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो कोरोना संक्रमित के हर मरीज को बेहतर उपचार मिल रहा है। पीपीई किट, दवाएं, मास्क, ऑक्सीजन सब भरपूर मात्रा में हैं। इसके बाद भी मरीज परेशान हो रहे हैं। जिला अस्पताल में बुधवार को कोरोना की जांच करने वाला कर्मचारी बिना पीपीई किट दिखा। वह मास्क लगाए था। (संवाद)