ग्राम सेहुद में कंचौसी कैनाल रोड पर 33/11 के पांच एमवीए क्षमता के विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास हुआ। अगले एक वर्ष में 385.02 लाख रुपये से बनकर तैयार होने वाले इस उपकेंद्र के माध्यम से ऐसे कई गांव और मजरे रोशन होंगे, जिनमें अभी तक बिजली तक नहीं पहुंची है।
शिलान्यास अवसर पर दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना है कि गांव- गांव का विद्युतीकरण हो। गांव- गांव रोशन हों। इसके चलते आज प्रदेश की कई तहसीलों में एक साथ विद्युत उपकेंद्रों के शिलान्यास हुए हैं।
अधिशाषी अभियंता झब्बूराम एवं एसडीओ रामकुमार वर्मा के अनुसार 40 गुणा 60 मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले सेहुद उपकेंद्र में पांच एमवीए क्षमता का एक ट्रांसफार्मर रखा जाएगा।
इसके माध्यम से सेहुद, पीतांबरपुर, कन्हई का पुर्वा, बरमूपुर, बहादुरपुर, अजमतपुर, कटारीपुर, अंगनूपुर्वा, देवरपुर, दुर्गा अड्डा आदि 10 गांव रोशन होंगे, इनमें से कई गांव विद्युतीकरण विहीन हैं। वहीं कई गांवों को ककोर मुख्यालय एवं दिबियापुर फीडरों से बिजली मिल रही है।
औरैया एक्सईएन पंकज शर्मा, ब्लाक प्रमुख विनय यादव, प्रधान सुदेश राजपूत, वैकुंठ यादव, वीरेंद्र राजपूत, कांट्रेक्टर अरविंद शुक्ला समेत खासी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।