फोटो-21-गांव बमुराह में आग बुझाती महिलाएं। स्रोत ग्रामीण
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर लगी आग से करीब 35 बीघा गेहूं की फसल और भूसा जल गया। तेज हवाओं के कारण लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका।
पहली घटना गांव बमुराह में दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। यहां किसान मान सिंह के खेत में खड़ी फसल में संदिग्ध हालात में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उमा सिंह, उमेश सिंह, मनोज सिंह, गोपाल और मानसिंह समेत कई किसानों की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर काबू लिया।
इसी प्रकार दूसरी घटना बिधूना-भरथना मार्ग पर मानसरोवर गेस्ट हाउस के पास हुई। यहां बिजली के तारों से निकली चिंगारी गेहूं की फसल में गिरने से आग लग गई। किसान राजू की करीब तीन से चार बीघा फसल जल गई। गनीमत रही कि आसपास के खेत पहले से जुते हुए थे, जिससे आग ज्यादा दूर तक नहीं फैल सकी। बाद में पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। बाद में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
दोनों घटना में करीब 35 बीघा गेहूं की फसल व भूसा जलने की आशंका जताई गई है। एसडीएम गरिमा सोनकिया ने बताया कि घटना की जानकारी है। लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।