उरई। जर्जर रेलवे ट्रैक बदलने का काम तेजी से चल रहा हैं। अब तक झांसी कानपुर सेक्शन में सौ किलोमीटर से ज्यादा ट्रैक बदला जा चुका है। ट्रैक फ्रैक्चर की निगरानी में बेहद सतर्कता बरती जा रही है। यह बात उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद के महाप्रबंधक एमसी चौहान ने उरई रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से कही।
झांसी से इलाहाबाद जाते समय पुणे लखनऊ एक्सप्रेस में लगे विशेष कोच से उन्होंने झांसी कानपुर रेलवे सेक्शन का निरीक्षण किया। उरई रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के स्टापेज के दौरान उन्होंने कहा कि झांसी से पारीछा तक लगभग 25 किलोमीटर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का काम पूरा हो चुका है।
इस ट्रैक पर 15 अगस्त से ट्रेनें दौड़ने लगेगी। जबकि दिसंबर तक 25 किलोमीटर और रेलवे ट्रैक का काम पूरा हो जाएगा। जीएम ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे जोन में बरसात के मौसम में दस लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जल्द ही सेक्शनवार पौधे बांटकर जोन के तीनों मंडल झांसी, आगरा व इलाहाबाद को हराभरा किया जाएगा।
निर्देश के बावजूद पिछले साल नहीं लगाए गए पौधों की जांच कराने का आदेश मंडलीय अभियंता लाइन को दिया। आए दिन इस ट्रैक पर फ्रैक्चर होने के सवाल पर जीएम ने कहा कि ट्रैक में फ्रैक्चर की निगरानी को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। मेंटीनेंस में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान झांसी मंडल के डीआरएम एके मिश्रा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
उत्तर मध्य रेलवे जोन में बारिश के मौसम में दस लाख पौधे लगाए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो