अटसू। भाई की शादी के लिए घर आए युवक का डेबिट कार्ड बदलकर आरोपियों ने उसके खाते से 30 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बल्लपुर निवासी राहुल पंजाब में नौकरी करता है। वह भाई की शादी के सिलसिले में घर आया हुआ था। बृहस्पतिवार दोपहर वह बाबरपुर स्थित एसबीआई बूथ पर रुपये निकालने पहुंचे। कई बार प्रयास करने के बावजूद रुपये नहीं निकले। वहां मौजूद दो अज्ञात लोगों ने मदद के बहाने उसे वहां से हटाकर डेबिट कार्ड बदल लिया और उसे दूसरा कार्ड थमा दिया। बाद में जब उसने अपने खाते की जांच की तो पता चला कि उसके खाते से 30 हजार रुपये निकल गए।
राहुल ने बताया कि शनिवार को उसके भाई की शादी है जिसके चलते उसे रुपये की जरूरत थी। कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।