औरैया। शहर स्थित सदर ब्लॉक सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक की गई। इसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों की ओर से दिए गए सवा दो करोड़ के 260 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
इन पर अफसरों ने चर्चा भी की, साथ ही गांवों की समस्याओं के निस्तारण पर जोर दिया गया। इसके लिए जरूरी कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।
क्षेत्र पंचायत की बैठक की ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र बाल्मीकि ने अध्यक्षता की। वहीं खंड विकास अधिकारी आदित्य तिवारी ने सदस्यों से संवाद किया। बैठक में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत ब्लॉक के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
बारी-बारी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। उनकी ओर से दिए 260 प्रस्तावों को बैठक में मंजूरी दे दी गई। अब बजट की स्वीकृति होते ही इन कामों को पूरा कराया जाएगा। इसमें अधिकांश प्रस्ताव सीसी सड़क और नाली निर्माण के थे।
बैठक में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, ग्रामीण विकास, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा भी हुई। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए 15वें वित्त आयोग व राज्य वित्त आयोग के तहत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मनरेगा से कराए जाने वाले कार्यों की प्रगति बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बीडीओ आदित्य तिवारी ने बताया कि बैठक में गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावों पर चर्चा की गई है। सवा दो करोड़ के 260 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।