औरैया। स्कूलों की सूचनाओं को ऑनलाइन पोर्टल पर न देने को लेकर बीएसए ने सख्ती शुरू कर दी है। बच्चों की हाजिरी रिपोर्ट ऑनलाइन न करने के मामले में शनिवार को 25 शिक्षकों का अक्तूबर माह का वेतन रोकने की नोटिस की गई है।
बच्चों की हाजिरी रिपोर्ट ऑनलाइन न देने वाले स्कूलों में सींगनपुर, परवाहा, उजीतीपुर, खानपुर फफूंद, बिलराई, मुशीपुर, तर्रई, फक्कड़पुर, आजादपुर, बिरिया फफूंद, रानीपुर, चिरुहुलिया के स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा परघईपुर, पुर्वा समाधान, हीरा का पुर्वा, लखनापुर, शाहआलमपुर, कन्हई का पुर्वा, पीतांबरपुर, टीकमपुर, कंजरी, कैंझरी व दिबियापुर के विद्यालय भी हैं। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि बच्चों की हाजिरी की ऑनलाइन रिपोर्ट 25 स्कूलों की ओर से नहीं दी गई है। इन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों व इंचार्जों का अक्तूबर माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। ढर्रा नहीं बदला तो और कार्रवाई की जाएगी।