दिबियापुर (औरैया)। कानपुर के समीप पूर्वा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद रविवार को भी फफूंद रेलवे स्टेशन पर अप गोमती एक्सप्रेस व डाउन में तूफान व महानंदा निरस्त रहीं। इनके स्थान पर कोई वैकल्पिक ट्रेन न रुकने और अन्य ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को कड़ी धूप में बैरंग वापस लौटना पड़ा। शनिवार को आने वाली तूफान एक्सप्रेस 25 घंटे देरी से रविवार को दोपहर को आई।
शुक्रवार की देर रात कानपुर के पास रूमा स्टेशन पर पूर्वा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने से शनिवार को फफूंद स्टेशन पर तूफान, महानंदा, मुरी का रूट डायवर्जन कर दिया गया था। कालका देर शाम तक आ पाई थी। शिकोहाबाद पैंसेजर हर शनिवार की तरह निरस्त थी। दूसरे दिन भी ट्रेनें निरस्त रहीं। तूफान 25 घंटे देरी से रविवार को दोपहर सवा 11 बजे आई। कम दूरी वाले यात्री तो लौट गए और लंबी दूरी वाले यात्री कड़ी धूप में प्लेटफार्म व आरक्षण केंद्र में बैठे रहे। कुछ यात्री निजी वाहन कर रवाना हुए। रविवार को कोई भी वैकल्पिक ट्रेन न दिए जाने पर यात्रियों में रोष दिखाई दिया। इस मामले में रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि यात्री धैर्य बनाए रखें व्यवस्था में जल्द सुधार होगा।