औरैया। शहर के रुहाई मोहल्ले में मंगलवार रात साढ़े नौ बजे केबल जलने से बिजली गुल हो गई। शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। इसके कारण करीब छह मोहल्लों के उपभोक्ताओं को 20 घंटे तक बिजली नहीं मिल पाई। लोग गर्मी से परेशान रहे। उन्हें पेयजल संकट का सामना भी करना पड़ा।
मंगलवार रात लगभग साढ़े नौ बजे मोहल्ला रुहाई में केबल में आग लग गई। सप्लाई बंद कराई जाती, इससे पहले केबल टूट कर गिर गई। इससे गुरुहाई, रुहाई, गढ़ैया, बहन टोला, बनारसीदास, शुक्लन टोला में बिजली गुल हो गई। रात में ही लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर लाइन ठीक कराने की मांग की। दोपहर तीन बजे कर्मचारियों की टीम मौके पर तार जोड़ने पहुंची लेकिन बुधवार शाम छह बजे तक लाइन ठीक हो सकी। 20 घंटे तक बिजली गुल होने से हाहाकार मच गया। गर्मी में परेशान लोग पानी के लिए तरस गए।
जर्जर लाइनों से मुसीबत
सभासद प्रकृतिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बस्तियों में सालों पुरानी बिजली की लाइनें बिछी हैं। जर्जर लाइनों को ठीक कर विभागीय अधिकारी काम चला रहे हैं। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से तारों को बदले जाने की मांग की है।
पानी के लिए भटकते रहे
शहर के मोहल्ला गढ़ैया निवासी दीपक अग्रवाल बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण परेशान दिखे। फाल्ट के कारण पानी की भी समस्या रही। पीने के पानी का इंतजाम लोगों ने दूसरे मोहल्लों में जाकर किया। लोग खाली बाल्टियां लेकर भटकते रहे।
जेई विवेक खरे ने बताया कि फाल्ट को दुरस्त करा दिया गया है। तारों को बदलना जरूरी है। जिसकी प्रक्रिया मोहल्ले के लोगों की मांग पर शुरू की जा रही है।
उपभोक्ताओं ने एक्सईएन कार्यालय घेरा
- शहरी का बिल, आपूर्ति ग्रामीण फीडर जैसी होने से रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहरी दर से बिजली का बिल देने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र जैसी बिजली आपूर्ति मिलने से गायत्री नगर के उपभोक्ता परेशान हैं। बुधवार को उन्होंने एक्सईएन कार्यालय का घेराव किया। अधिकारियों ने जल्द समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया है।
मोहल्ला गायत्री नगर बिजली विभाग की सूची में शहरी क्षेत्र में दर्ज है। यहां के उपभोक्ताओं को कई सालों से आनेपुर ग्रामीणांचल फीडर से बिजली आपूर्ति दी जा रही है। जबकि शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति होती है। ऐसे में उपभोक्ता खासे परेशान हैं। उन्होंने बताया कि लगभग एक साल पहले तत्कालीन जिलाधिकारी अभिषेक सिंह मीणा से मिलकर समस्या बताई थी।
जिस पर उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी जारी कर दिए थे। बावजूद इसके सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएम सुनील कुमार वर्मा से इस मामले में हस्तक्षेप कर बिजली अधिकारियों की मनमानी को लेकर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर उपभोक्ता शिवा भदौरिया, कृष्णपाल सिंह, भोलू, हिमांशु, ज्ञान सिंह, उदय नारायण, मोहित, रोहित, बबलू, मनीषा, वंदना, प्रियंका अवस्थी, राजश्री देवी मौजूद रहे।
जल्द ही मोहल्ले के उपभोक्ताओं की समस्या को दूर कराया जाएगा। साथ ही वहां पर दो ट्रांसफार्मर भी बढ़वाए जाएंगे। जिससे उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की भी समस्या न हो।- दिनेश कुमार दोहरे अधीक्षण अभियंता।