औरैया। रविवार को कोरोना संक्रमण से दो और लोगों की मौत हो गई। 238 नए केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 9088 हो गई है। 116 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है। इसके साथ ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 7429 हो गई है। दो और मौतों के साथ मृतकों की संख्या 124 हो गई है। एक्टिव केस 1535 हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट 240 हैं। चिचौली स्थित कोविड अस्पताल में 23 गंभीर संक्रमितों का उपचार चल रहा है।
गंभीर कोरोना संक्रमित 24 मरीज जिले के बाहर के 15 अस्पतालों में भर्ती हैं। होम आइसोलेशन में 1366 मरीज हैं। लखनऊ लैब से आरटीसीपीआर की 1033 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों के परिजनों और संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए जाने के निर्देश स्वास्थ्य टीमों को दिए गए हैं। ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।