रुरुगंज (औरैया)। बिधूना ब्लॉक की ग्राम पंचायत पुर्वा पीताराम रुरुगंज के मजरा पंडपुर में सात माह बाद शौचालयों का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कागजों में यह शौचालय पूर्ण हो चुके हैं।
जिला ओडीएफ घोषित है। ब्लॅाक बिधूना की ग्राम पंचायत पुर्वा पीताराम रुरुगंज के मजरा पंडपुर में प्रधान की ओर से लाभार्थियों के बनवाए गए शौचालय सात माह बाद भी नहीं बन पाए हैं। गांव की महिलाओं के मुताबिक ग्राम प्रधान मनमानी कर रहे हैं। सात माह पहले प्रधान और प्रधान के ठेकेदार ने शौचालय निर्माण शुरू कराया था। इनका आरोप है कि इनमें घटिया सामग्री लगाई गई। शौचालय अब तक पूर्ण नहीं हैं। महिलाओं को परेशानी हो रही है। पंडपुर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर शौचालय निर्माण जल्द पूर्ण कराने की मांग की है। ग्राम पंचायत अधिकारी सरोज कुमारी ने बताया कि ग्राम पंचायत में 88 लोगों के खातों में शौचालय का पैसा भेजा गया। शौचालय कितने पूरे बने, अभी इसकी जानकारी नहीं है।
लाभार्थियों में कमलेश कुमार, हरिश्चंद्र, श्यामू दुबे, सुरेश चंद्र, प्रमोद कुमार आदि ने जिलाधिकारी से अधूरे शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराने की मांग की है।
कागजों में पूरे, हकीकत में शौचालय अधूरे
बिधूना के मजरा पंडपुर का हाल, अधूरे शौचालयों से महिलाओं को हो रही परेशानी