दिबियापुर (औरैया)। नगरीय क्षेत्र दिबियापुर में रहने वाले 176 लोगों का अपने घर का सपना सच होने वाला है। सोमवार को डूडा से स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास की सूची दिबियापुर नगर पंचायत कार्यालय में चस्पा कर दी गई। डूडा कर्मी ने बताया कि आवश्यक कागजात जमा करने के बाद प्रधानमंत्री आवास से संबंधित किस्त लाभार्थी के बैंक खाते में पहुंचनी शुरू हो जाएगी।
डूडा सर्वेयर अजय मल्होत्रा ने बताया कि सूची में दर्ज पात्र लाभार्थियों से आवश्यक कागजात जुटाने वह घर-घर जाएंगे। इसके बाद लाभार्थी के बैंक खाते में प्रधानमंत्री आवास के लिए किस्तें पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। पहली किस्त 50 हजार, दूसरी किस्त डेढ़ लाख व तीसरी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये पहुंचेंगे। इस मौके पर नगर पंचायत कर्मी दीपक कुमार मौजूद रहे।
ये अभिलेख पास रखें
डूडा सर्वेयर अजय मल्होत्रा ने कहा कि सूची में दर्ज सभी लाभार्थी अपने पास 100 रुपये का स्टांप, दो फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय, जाति, मूल निवास की कॅापी, उनकी प्रापर्टी का बैनामा या फिर नगर पंचायत से दी गई हाउस टैक्स की रसीद अपने पास रखें।