अटसू (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की सोमवार को सुबह मौत हो गई। युवक पांच फरवरी को छिबरामऊ क्षेत्र में बिजली के पोल पर काम कर रहा था, तभी करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसका इलाज कानपुर में कराया। वहां आराम मिलने पर उसे परिजन घर ले आए थे। रविवार की रात उसकी हालत फिर से बिगड़ गई, जिस पर परिजन उसे लेकर दिबियापुर अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के पुर्वा मदन सिंह निवासी अश्विनी यादव (28) पुत्र विनोद कुमार अपने गांव में परिवार के साथ रहता है। वह जीवन यापन के लिए पिछले छह माह से एक प्राइवेट कम्पनी के आधीन रहकर बिजली विभाग में काम करता था। बीते पांच फरवरी को छिबरामऊ (कन्नौज) क्षेत्र में बिजली पोल पर लाइन खींचने का काम चल रहा था। उसी दौरान काम करते समय अचानक करंट लगने से वह जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिवार में यही एक कमाने वाला सदस्य था। ग्रामीण नेता यादव, टिल्लू राजपूत, गुड्डू यादव, अनिल यादव, समेत अन्य ग्रामीणों ने परिवार के भरण पोषण के लिए सरकार से सहायता दिए जाने की गुहार लगाई है।