उरई। बारिश ने एक बार फिर शहर की बिजली व्यवस्था को उखाड़ फेंका है। रविवार रात हुई तेज बारिश से एक बार फिर शहर के कई फीडरों में फाल्ट हो गया। इससे शहर के दर्जनों मोहल्लों में अंधेरा छाया रहा। सप्लाई न आने से मोहल्लों में बिजली के साथ साथ पेयजल का संकट गहरा गया है। लोग सुबह से ही पेयजल के लिए भटकते नजर आए।
बता दें कि अभी दो दिन पूर्व हुई बारिश की वजह से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई थी। स्थिति यह रही कि कुछ मोहल्लों में तो ट्रांसफार्मर पूरी तरह पानी में डूब गए थे। जिससे दो दिन तक शहर की सप्लाई व्यवस्था धड़ाम रही। कई मोहल्लों में तो तीन दिन तक अंधेरा छाया रहा।
जैसे-तैसे बिजली विभाग शुक्रवार तक सप्लाई को ठीक करा पाया था। अभी एक दिन भी शहरियों को नियमित सप्लाई नहीं मिल पाई थी कि एक बार फिर रविवार हुई तेज बारिश के साथ ही शहर के कई फीडरों में फाल्ट हो गए। इससे इन फीडरों की सप्लाई पूर्णता ठप हो गई। बारिश की वजह से शहर के जेल रोड फीडर, कोंच नाका, घंटाघर, राजेंद्र नगर आदि फीडरों पर फाल्ट हो गया।
फाल्ट होते ही इनसे जुड़े दर्जनों मोहल्लों में अंधेरा छा गया। पूरी रात शहरी इन फीडरों में सप्लाई ठीक कराने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगाते नजर आए, लेकिन सुबह तक बिजली विभाग के कर्मचारी सुबह तक सप्लाई को ठीक नहीं कर पाए।
इससे मोहल्लों में सुबह होते ही बिजली के साथ-साथ पेयजल संकट गहरा गया। लोगों को दूरदराज से पानी भरना पड़ा। बिजली विभाग के एसडीओ विकास सोनी का कहना है कि रात में फाल्ट की वजह से सप्लाई प्रभावित थी। टीमों को लगा दिया गया है। कुछ मोहल्लों की सप्लाई को ठीक करा दिया गया है।
-बारिश के साथ ही फीडरों में हुआ फाल्ट, सप्लाई ठप
-बिजली के साथ पेयजल किल्लत से जूझ रहे बाशिंदे
अमर उजाला ब्यूरो