अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। साथी को उठाए जाने से बुधवार को मंडी समिति के व्यापारी आक्रोशित हो गए। जिला पंचायत अध्यक्ष की गिरफ्तारी और व्यापारी को छोड़े जाने की मांग करते हुए मंडी समिति के गेट पर धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे एसपी ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर गबन किए गए रुपयों की लिस्ट मांगी और जल्द ही रुपयों का भुगतान कराए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर व्यापारियों ने धरना स्थगित कर दिया। रुपये मिलने तक व्यापारियों ने अपनी आढ़तें बंद रहने का निर्णय लिया है।
मंडी समिति में धान के रुपये न मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार की देरशाम कोतवाली पुलिस ने व्यापारी महावीर पहाड़िया को हिरासत में लिया। जब इसकी खबर अन्य आढ़तियों की मिली तो वह बुधवार की सुबह मंडी गेट पर धरना प्रदर्शन पर बैठ गए और व्यापारी महावीर पहाड़िया को छोड़े जाने एवं गबन के मामले में आरोपी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू सिंह को गिरफ्तार किए जाने की मांग करते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी मदनगोपाल गुप्ता एवं सीओ सिटी ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन व्यापारी अपनी मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे एसपी संजीव त्यागी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह लोग गबन हुए रुपये की लिस्ट उपलब्ध कराएं। उसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिलाया कि उनका रुपये वापस कराया जाएगा। इसके बाद व्यापारियों ने धरना स्थगित कर दिया। वहीं, व्यापारियों ने बताया कि प्रतिष्ठान अनिश्चित कालीन बंद रखेंगे।
इस संबंध में एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि व्यापारियों से गबन हुए रुपये की लिस्ट मांगी गई है। किसी भी सूरत में दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा। उधर, पुलिस ने हिरासत में लिए गए व्यापारियों को छोड़ दिया है।