उरई। भाजपा शासित राज्यों में अनुसूचित जाति के लोगों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। गुजरात व महाराष्ट्र में मजदूरी करने गए लोगों को मारपीट कर भगाया जा रहा है। सरकारी उपक्रमों को निजी हाथों में सौंपकर आरक्षण समाप्त करने की साजिश की जा रही है। यह बात सपा के जिला कार्यालय में आयोजित सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के सम्मेलन में मुख्य अतिथि सपा के प्रदेश सचिव अरविंद नागिल ने कही।
पूर्व विधायक दयाशंकर वर्मा, शिवराम कुशवाहा, जिलाध्यक्ष वीरपाल यादव, महेंद्र कठेरिया, सरनाम सिंह, तारिक, शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा समाज को दलित, अति दलित व महादलित में बांटकर हमारे समाज की एकजुटता तोड़ने का काम कर रही है। जबकि लोग रोटी, कपड़ा, मकान जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। वक्ताओं ने कहा कि सपा ही सभी वर्गों की सच्ची हितैषी पार्टी है।
अध्यक्षता कर रहे अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जीवन प्रताप वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा महापुरुषों व भगवान का भी बंटवारा कर रही है। संचालन भानुप्रकाश वर्मा ने किया। इस दौरान संजय साहनी, जितेंद्र, संजय, रोहित, लक्ष्मी श्रीवास, दीपक दोहरे, विक्की कांत, कुसुमलता, मीरा, बेबी वर्मा, राघवेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।