कोंच। पालिका बोर्ड की बैठक सोमवार को बिना शोरशराबे के निपट गई। सभासदों द्वारा पेश किए गए नाली, खड़ंजा और जाली लगवाने के छोटे मोटे तकरीबन पचास लाख के प्रस्तावों को बिना विरोध के पारित कर दिया गया। पालिका बोर्ड का पूरा फोकस पालिका की आय बढ़ाने पर रहा। हालांकि पिछले माह आयोजित बोर्ड बैठक का बहिष्कार करने वाले सभासद अबकी बार बोर्ड बैठक में मौजूद रहे।
पालिकाध्यक्ष डॉ. सरिता वर्मा की अध्यक्षता एवं ईओ बुद्घिप्रकाश की मौजूदगी में पालिका बोर्ड की बैठक हुई। महिला सभासद सितारा बेगम ने अपने वार्ड में रोड, नाली, इंटरलॉकिंग, जाली आदि के लगभग आठ प्रस्ताव दिए, जिन्हें पारित कर दिया गया। अन्य सभासदों की ओर से दिए गए छोटे मोटे निर्माण या मरम्मत कार्यों के भी लगभग पचास लाख के प्रस्तावों को मंजूर कर लिया गया।
हालांकि पहले यह सुगबुगाहट जरूर रही कि पालिकाध्यक्ष को वित्तीय अधिकार दिए जाने का प्रस्ताव पटल पर लाया जा सकता है लेकिन यह प्रस्ताव आते आते रह गया। इस बैठक में मुख्य फोकस पालिका की आय बढ़ाने पर रहा। ईओ बुद्घिप्रकाश ने बताया कि कोंच को अमृत योजना के लिए चयनित किया गया है जिसमें कई बिंदुओं पर नगर विकास की इबारत लिखी जानी है लेकिन इसमें शर्त यह है कि पालिका अपनी आय बढ़ाए।
ताकि योजनाओं में वह केंद्र तथा राज्य सरकार की ओर से दिए जाने वाले बजट में अपना हिस्सा देने की स्थिति में आ सके। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया कि पालिका की आय बढ़ाने का पूरा खाका तैयार किया जाए। इस दौरान सेनेटरी इंसपेक्टर अभय सिंह, जेई रामवीर सिंह, सभासद महावीर यादव, अनिल पटैरया, विशाल गिरवासिया, अमित यादव, पूजा भदौरिया, दंगलसिंह यादव, पुष्पेन्द्र सरोनिया, अर्चना रजक, सुनीता वर्मा, विमला यादव, विजय बाल्मीकि, शकील मकरानी, धर्मेन्द्र यादव, मनोज गुप्ता, अरविंद खटिक, रविकांत कुशवाहा, नसीम निहारिया, नंदिनी कुशवाहा, मुबारक कुरैशी, प्रियंका सर्राफ, जाहिद, शमसुद्दीन, वंदना यादव, रुबीना बानो आदि मौजूद रहे।