कालपी। डीएम के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन की टीम ने गैर मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों में छापामारी की। जिसमें दो स्कूलों को सील कर दिया गया व दो स्कूलों के गेटों में फर्जी विद्यालयों के साइन बोर्ड लगा दिए गए है। कार्रवाई से गैर मान्यता के संचालित हो रहे स्कूल संचालकों में खलबली मच गई है।
मालूम हो कि कुछ समय पहले स्थानीय प्रशासन की टीम ने बिना मान्यता के संचालित स्कूलों को चिह्नित किया था। इसके बाद स्कूल संचालकों को नोटिस दी गई पर असर न हुआ और गुपचुप रूप से स्कूल संचालित होते रहे। नोटिस की अवधि निकलने के बाद डीएम डा. मन्नान अख्तर के निर्देश पर मंगलवार को तहसीलदार सालिगराम, नगर शिक्षा अधिकारी महेश चंद्र शर्मा, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दयाराम गौतम ने पुलिस बल के साथ चिह्नित स्कूलों में छापेमारी की।
टीम सबसे पहले सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल पहुंची। जहां मान्यता के कागजात नहीं मिलने पर विद्यालय के आफिस व पांच कमरों को सील कर दिया गया। इसी प्रकार न्यू सनराइज पब्लिक स्कूल रामगंज का विद्यालय फर्जी पाए जाने पर कमरे व आफिस को सील कर दिया गया। इसके बाद मां वनखंडी देवी विद्यालय टरननगंज व बाबू लोकेंद्र नाथ विद्यालय रावगंज के विद्यालयों के संचालक स्कूलों के मान्यता प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके।
स्कूलों के मैन गेटों में फर्जी विद्यालय का बोर्ड लगाते हुए आगाह किया गया है कि अभिभावक अपने बच्चों के एडमीशन गैर मान्यता विद्यालयों में न कराए। एसडीएम सतीश चंद्र ने बताया कि अगर गैर मान्यता के स्कूल पुन: संचालित करते हुए पाए गये तो इनके संचालकों से एक लाख रुपये तक का जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले चरण में महेवा ब्लाक के स्कूलों में निरीक्षण की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की कार्रवाई से गैर मान्यता के स्कूल संचालकों में खलबली मची हुई है। एट प्रतिनिधि के मुताबिक, गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर छापेमारी के क्रम में आज टीम ने एट के स्कूलों का निरीक्षण किया। जिसमें रामजानकी शिक्षण संस्थान एट, सिद्धार्थ पूर्व माध्यमिक विद्यालय एट, सरस्वती ज्ञान मंदिर एट का निरीक्षण किया। मानक के अनुसार स्कूल संचालित न होने पर नोटिस देकर स्कूल बंद करने की कार्रवाई की। टीम में तहसीलदार सदर ब्रजेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा, अखिलेश त्रिपाठी, रवींद्र शाक्यवार, ताहिर खान आदि शामिल थे।
कार्रवाई से गैर मान्यता के संचालित हो रहे स्कूल संचालकों में खलबली
अमर उजाला ब्यूरो