अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (ब्यूरो)। नगर पंचायत दिबियापुर क्षेत्र में श्मशान घाट एवं मरघट का सर्वे करने के बाद अतिक्रमणकारियों को नगर पंचायत ने नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को 24 अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजे गए।
दिबियापुर जामा मस्जिद के मुतवल्ली हाजी अब्दुल मसीद कादरी ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर दिबियापुर के फफूंद चौराहे पर श्मशान घाट एवं मरघट की जमीन पर कब्जे की शिकायत की थी। इसपर 22 जुलाई को नगर पंचायत के ईओ अजय कुमार एवं राजस्व कर्मियों ने श्मशान घाट एवं मरघट की भूमि का सर्वे किया। बाद में राजस्व कर्मियों ने अतिक्रमणकारियों की रिपोर्ट तैयार कर नगर पंचायत को सौंप दी।
बुधवार को 24 अतिक्रमणकारियों के नाम नोटिस जारी किए गए। नगर पंचायत दिबियापुर के ईओ अजय कुमार का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मरघट एवं श्मशान घाट की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। चूंकि प्रकाश में आए अतिक्रमणकारियों ने मकान कई मंजिला बने खड़े हैं इसलिए उनका भी पक्ष जाना जाएगा। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। इधर, सरकारी भूमि का सर्वे होने के बाद से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बताते हैं कि दिबियापुर में फफूंद चौराहे के पास श्मशान घाट एवं मरघट की लगभग आठ एकड़ जमीन है। इसपर कई लोगों ने कब्जे करके कई मंजिला इमारतें खड़ी कर लीं हैं।
-श्मशान घाट एवं मरघट का सर्वे