उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य बुधवार से जिले के तीनों केंद्रों पर जारी रहा। मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षाधिकारियों और शिक्षक नेताओं ने निरीक्षण किया।
शहर स्थित मूल्यांकन केंद्र चौधरी विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय इंटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि बुधवार को केंद्र पर मौजूद रहे 32 उपप्रधान परीक्षकों और 156 परीक्षकों के सहयोग से 8147 कापियां जांची गई है।
बताया कि उनके केंद्र को 17 विषयों की 95221 कापियां उपलब्ध कराईं गई। इसमें अभी तक 18515 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा चुका है।
17 विषयों की 76706 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अभी शेष है। बताया कि समय से सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
केंद्र पर सुबह से आने वाले परीक्षकों को सैनिटाइज कराने के साथ ही मास्क देकर उन्हें मूल्यांकन के लिए कमरों में भेजा जा रहा है।
साथ ही सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कक्षाओं में परीक्षक मूल्यांकन कार्य कर रहे हैं। डीआईओएस हृदय नारायन त्रिपाठी ने बताया कि मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में आज तेजी देखने को मिली है। समय से मूल्यांकन कार्य पूरा होता नजर आ रहा है।