दिबियापुर (औरैया)। इटावा की ओर जाने वाली पैसेंजर एवं गोमती एक्सप्रेस के घंटों देरी से पहुंचने से यात्री हलाकान रहे। रेलवे स्टेशन फफूंद पर भीषण गर्मी के बीच यात्री छांव की तलाश करते नजर आए।
इटावा जाने के लिए सुबह के समय 64153 पैसेंजर एवं 12419 गोमती एक्सप्रेस ही यात्रियों का सहारा हैं। इन ट्रेनों में बैठकर यात्रा करने के लिए सुबह ही यात्री रेलवे स्टेशन पर पहुंचने लगे। दोनों ही ट्रेनों के फफूंद पहुंचने का समय रेल प्रशासन धीरे धीरे बढ़ाता रहा।
इस दौरान पूछताछ काउंटर पर यात्रियों की भीड़ पहुंचने लगी। हालांकि दिल्ली के लिए मुफीद मानी जाने वाली गोमती एक्सप्रेस निर्धारित समय से लगभग तीन घंटे देरी से लगभग 12 बजे फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंच गई। जबकि पैसेंजर निर्धारित समय से लगभग 5 घंटे देरी से अपराह्न एक बजे फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंची। 18101 मुरी एक्सप्रेस 3 घंटे, 15483 महानंदा एक्सप्रेस 3 घंटा 15 मिनट, कानपुर टूंडला पैसेंजर 30 मिनट देरी से पहुंचने की सूचना प्रसारित होती रही। यही हाल कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों का रहा। 64164 मेमो पैसेंजर प्रत्येक शनिवार की ही तरह इस बार भी नहीं आई।