औरैया। जिले में बनाई जा रही गोशालाओं को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई। इसमें गोशाला निर्माण प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 37 गोशाला अस्थायी बनाई जा रही हैं जबकि 18 गोशाला संचालित हैं। जिसमें सहार, बिधूना, ऐरवाकटरा की गोशालाओं को दो दिन में पूरा कर जल्द उद्घाटन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत करचला की ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहार बीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत करचला में चल रहा गोशाला निर्माण का काम रुका हुआ है। ग्राम पंचायत अधिकारी के समय से भुगतान न किए जाने से काम रुका हुआ है। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी श्रीकृष्ण त्रिपाठी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत करचला की ग्राम पंचायत अधिकारी रोशन साहू को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए। कई गोशालाओं में विद्युत की समस्या संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने विद्युत एक्सईएन को निर्देश दिए कि जिन गोशाला में बिजली नहीं है, वहां तत्काल एस्टीमेट बनाकर दो दिन के अंदर विद्युतीकरण कराएं। गोशालाओं में सौर ऊर्जा लगाई जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पशुओं की जियो टैगिंग कराएं। यदि किसी गोशाला में बीमारी से पशु मरता है तो उसका पोस्टमार्टम अवश्य कराएं। जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को सख्त निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में सभी जरूरी सुविधाएं होनी चाहिए। गोशालाओं के सभी रजिस्टर अपडेट होनी चाहिए। वहां पर गोवंश को कोई भी समस्या न हो। अगर किसी के द्वारा कोई लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।