औरैया। शासन की ओर से उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग को जिले में न्याय पंचायत स्तर पर आठ शिविरों के संचालन का लक्ष्य दिया गया है। महात्मा गांधी खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार के तहत मिले लक्ष्य के तहत जल्द ही इनका आयोजन कराया जाएगा।
उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अधिकारी राजीव शुक्ला ने बताया कि यह ग्रामीण बेरोजगारों को स्वरोजगार मुहैया कराए जाने की दिशा में शासन की अच्छी पहल है। बताया कि इसके तहत चयनित युवाओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यालय पर 30 दिन तक चलेगा। प्रशिक्षणार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने को जानकारियां दी जाएंगी। साथ ही प्रशिक्षण उपरांत लघु उद्योग स्थापित करने के लिए दो लाख रुपये तक का प्रोजेक्ट बनवाकर उद्योग स्थापित करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें एक लाख का अनुदान विभाग की ओर से दिया जाएगा।
बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन एक न्याय पंचायत स्तर पर किसी भी गांव में कराया जा सकता है। उन्होंने इस प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों से और अधिक जानकारी के लिए कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है। कहा कि पहले आओ पहले पाओ के आधार पर शामिल किया जाएगा।
-उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग जल्द कराएगा शिविरों का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो