ककोर। 15 दिन पहले भाग्यनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत ककोर बुजुर्ग स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की दीवार का काम पूरा कराया गया था। पुताई हुई और रविवार तड़के जब सुबह लोग जागे तो दीवार ढही मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि घटिया सामग्री से निर्माण कराया गया। यही वजह रही कि दीवार 15 दिन भी नहीं टिक सकी। हांलाकि अधीनस्थ कर्मचारियों से पता चला कि लेवलिंग के दौरान ट्रैक्टर की टक्कर से दीवार टूटी है।
परिषदीय स्कूलों में कायाकल्प के साथ ही इन दिनों दिवार बनाने का काम जिलेभर में चल रहा है। ग्राम पंचायत स्तर से ये काम कराए जा रहे हैं। भाग्यनगर ब्लॉक के गांव ककोर बुजुर्ग स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हुआ काम इन दिनों चर्चा मे है। यहां दिवारी बनने के 15 दिन के अंदर ही ढह गई।
ककोर बुजुर्ग निवासी ऋषि त्रिपाठी, अंकुर दुबे, मनमोहन लाल, राम सिंह ने बताया कि स्कूल में जो काम हुए हैं उसमें घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया गया है। जिस कारण से 15 दिन भी दीवार टिक नहीं सकी। ग्रामीणों ने जांच कराए जाने को लेकर जल्द ही जिला प्रशासन के अधिकारियों से मिलकर शिकायत करने की बात कही है।
बोले जिम्मेदार-
ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव से स्कूल की दीवार गिरने के बारे में जानकारी की गई है। स्कूल परिसर में मिट्टी लेवलिंग के दौरान ट्रैक्टर की टक्कर से दीवार ढहने की बात सामने आई है। जल्द ही दीवार की मरम्मत करा दी जाएगी।
-कामिनी गौतम, डीपीआरओ