औरैया। जिले में पर्यटन विभाग ने तीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 1.10 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। सहार ब्लॉक के धुपखरी स्थित भोलाबाबा शंकरजी मंदिर पर काम भी शुरू करा दिया गया है।
कन्नौज सांसद सुब्रत पाठक ने सहार ब्लॉक के धुपखरी स्थित भोलाबाबा शंकर जी मंदिर के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भेजा था। वहीं सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने औरैया स्थित देवी दुर्गा और राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने गहेसर स्थित महामाई मंदिर का प्रस्ताव भेजा था।
तीनों मंदिरों के लिए 1.10 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। 50 लाख रुपये से धुपखरी स्थित मंदिर, 40 लाख रुपये से दुर्गा मंदिर व महामाई में 20 लाख रुपये की धनराशि से काम शुरू कराया गया है। राज्य योजना के तहत पर्यटन विभाग की ओर से जारी हुई इस धनराशि से परियोजना पर काम भी शुरू करा दिया गया है। धुपखरी स्थित मंदिर पर जारी हुए टेंडर के तहत ठेकेदार ने काम शुरू करा दिया है।
-
मंदिर स्वीकृत धनराशि जारी हुई धनराशि
धुपखरी स्थित मंदिर 81.86 लाख 50 लाख
औरैया स्थित दुर्गा मंदिर 55.31 लाख 40 लाख
गहेसर स्थित महामाई मंदिर 28.68 लाख 20 लाख
बोले जिम्मेदार
30 सितंबर 2023 को शासन स्तर से स्वीकृति मिली थी। प्रस्तावित धनराशि 1.63 करोड़ रुपये के सापेक्ष 1.10 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी कराते हुए काम शुरू कराया जा रहा है। धुपखरी में काम चालू भी हो गया है।
-मोहित सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी