औरैया। अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार होमगार्ड की मौत हो गई। कमांडेंट कृष्णानंद ने बताया कि वह गांव से चुनाव ड्यूटी का कार्ड व पैसा लेने औरैया आ रहा था।
रुदौली निवासी औरैया में तैनात होमगार्ड संतोष त्रिपाठी (52) पुत्र स्व. राधेश्याम त्रिपाठी को शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे साइकिल से औरैया आ रहा था कि किसी वाहन ने उडनपुरा के सामने टक्कर मार दी। लोगों ने संतोष को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही परिजनों को सूचना दी। मृतक के पुत्र अंकित ने बताया कि वहां से पिता को सैफई ले जाने के लिए उसने कई बार एंबुलेंस के लिए फोन लगाया लेकिन जब फोन नहीं लगा तो वह अपने पिता को गंभीर हालत में घर ले गया। हालत बिगड़ने पर फिर उन्हें जिला अस्पताल लाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक दुबे जिला अस्पताल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। होमगार्ड कमांडेंट कृष्णानंद ने बताया कि संतोष की चुनाव में ड्यूटी लगाए जाने को लेकर 25 अप्रैल को पुलिस लाइन में आमद कराई गई थी। वह ड्यूटी कार्ड व पैसा लेने के लिए औरैया आ रहा था कि हादसे का शिकार हो गया।
मार्ग दुर्घटना में मौत का शिकार हुए होमगार्ड संतोष त्रिपाठी की दो पुत्रियां हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। अंकित ने बताया कि अलका के पति अजीत की दो माह पहले ही कानपुर में मार्ग दुर्घटना में मौत हो चुकी है।