उरई। वैश्य समाज को सपा हो या बसपा या फिर कांग्रेस कोई भी दल अपना नहीं मानता है। इसलिए जरूरी है कि समाज को अब खुलकर भाजपा के साथ खड़े हो जाना चाहिए। गुप्त दान से अब काम चलने वाला नहीं है। यह बात गहोई धर्मशाला में राष्ट्रकवि मैथलीशरण गुप्त की प्रतिमा का अनावरण करने आए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल नंदी ने कही। इससे साफ जाहिर है कि इस बहाने वह 2019 के लोक सभा चुनाव के लिए वैश्य समाज को साध भी गए।
उन्होंने कहा कि भाजपा में ही वैश्य समाज का सम्मान है। सबसे ज्यादा शोषण बसपा ने व्यापारियों का किया है। सपा व कांग्रेस पर निशासा साधा कि दोनों पार्टियों में परिवारवाद के सिवा कुछ भी नहीं है। सपा के शासन में सबसे ज्यादा दुकानों व जमीनों पर कब्जे हुए तो कांग्रेस ने व्यापारियों को हर बार छला है। राहुल गांधी पर कटाक्ष कर कहा कि बीते दिनों संसद में जो कुछ भी हुआ सभी ने देखा।
अब राहुल को पप्पू कहने में बचा ही क्या है। केंद्र व राज्य सरकार की तारीफ कर कहा कि अपराधों का ग्राफ कम हुआ है महिलाएं और बेटियां सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। किसान मजदूर भी पहले की अपेक्षा खुशहाल है। कैबिनेट मंत्री नंद कुमार ने अपने भाषण के दौरान इशारों ही इशारों में पुलिस पर भी तंज कसा कि जो लोग कभी व्यापारियों की दुकानों व घरों के बाहर लाठियां ठोकते थे।
आज भाजपा की सरकार बनने पर सलाम ठोकते नजर आते हैं। इससे समूचा हाल तालियों से गूंज उठा। राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त की प्रतिमा के अनावरण के बाद कवि सम्मेलन हुआ। अंत में जिले के भ्रमण में आए नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने व्यापारियों के साथ बैठक कर उनसे उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें लखनऊ में होने वाले भाजपा के व्यापारी मेले का न्योता भी दिया। इस दौरान सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन, जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, पालिका अध्यक्ष अनिल बहुगुणा, गहोई सेवा मंडल के अध्यक्ष अनिल बाबू, संतोष गुप्ता, युद्धवीर कंथरिया, संजय गुप्ता, अजय इटौरिया आदि मौजूद रहे ।
सपा, बसपा व कांग्रेस से दूर रहने की नसीहत भी दी
अमर उजाला ब्यूरो