अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। वेतन वृद्धि समेत तीन मांगों के समर्थन में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही। पीएनबी के गेट पर एकत्रित बैंक कर्मियों ने सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। बैंक अधिकारियों ने बताया कि दो दिन की हड़ताल से जिले में 300 करोड़ का कारोबार और 70 करोड़ की क्लीयरिंग प्रभावित हुई है।
उत्तर प्रदेश बैंक इंप्लाइज यूनियन के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल 48 घंटे की चल रही है। दूसरे दिन बैंक अधिकारी व कर्मचारी पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा पर एकत्रित हुए और सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। बैंकों में हड़ताल के चलते दूसरे दिन भी खाताधारकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इधर, प्रदर्शन के दौरान संगठन के जिला मंत्री विनय अग्रवाल ने कहा कि इस अखिल भारतीय हड़ताल में नौ अधिकारी और कर्मचारी संगठन एक साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। हड़ताल से जिले में बैंकों का 300 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ हैै। जबकि जिले की बैंकों में 70 करोड़ की क्लीयरिंग भी रुकी है। पीएनबी और सिद्ध बैंक के सहायल जिला महामंत्री जितेंद्र तोमर ने कहा कि बैंक कर्मी मेहनत कर कारोबार को बढ़ाते हैं।
सरकार के दबाव में पूंजीपतियों को ऋण प्रदान किया जाता है। जो चुकता न करने पर एनपीए हो जाते हैं। इससे बैंकों का लाभ प्रभावित हो रहा है। एनपीए के लिए सरकार की नीतियां दोषी हैं न कि बैंक कर्मचारी। एनपीए की वसूली के लिए कड़े नियम बनाए जाएं और कर्ज वसूली के लिए बैंकों को और अधिक अधिकार दिए जाएं।
रघुवीर तिवारी ने बैंक कर्मियों से अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए भी तैयार रहने की बात कही। इस मौके पर दीपक मांगलिक, दिलीप कठेरिया, मनोज कुमार, नीरज सिंह, शिवम द्विवेदी, मनोज राठौर, गोपाल बाजपेई, गौरव गुप्ता, प्रेम नरायन, अमित खन्ना, मुकेश कुमार, दीक्षा गुप्ता, रोशन चौरसिया, पवन कुमार आजाद, विजय सिकरवार, महेश, विवेक कुमार, रामबाबू, अश्वनी कुमार, मानवेंद्र सिंह, तुलाराम, दीपिक मिश्रा, महेश, पुष्पेंद्र सिंह, गिरजेश कुमार, आरपी गुप्ता, विमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
300 करोड़ का कारोबार प्रभावित
- दूसरे दिन भी चली बैंककर्मियों की हड़ताल, 70 करोड़ की क्लीयरिंग प्रभावित
- नारेबाजी कर बैंक अधिकारियों ने निकाली भड़ास