अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर(औरैया)।
ग्वालियर से कानपुर वाया इटावा जा रही मालगाड़ी का डीजल इंजन शनिवार दोपहर फफूंद एवं पाता रेलवे स्टेशन के मध्य खराब हो गया। जिसके चलते ट्रेन फफूंद आउटर के पहले खड़ी हो गई। मालगाड़ी के खड़े हो जाने से कई महत्वपूर्ण ट्रेनें पीछे के रेलवे स्टेशनों पर खड़ी रहीं। पीछे आ रही आगरा-लखनऊ इंटरसिटी के इंजन से धक्का मारकर मालगाड़ी को फफूंद रेलवे स्टेशन तक लाया गया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक दिल्ली-हावड़ा डाउन रेलमार्ग पूरी तरह से ठप रहा।
मालगाड़ी के चालक ने बताया कि वह गुड्स ट्रेन को ग्वालियर से कानपुर वाया इटावा ले जा रहा था। पाता रेलवे स्टेशन के बाद इंजन में तकनीकी खामी आ गई। जिस वजह से फफूंद रेलवे स्टेशन के पहले ही ट्रेन रुक गई। इंजन में आई खामी को दूर करने के लिए तकनीकी स्टाफ एवं चालक ने काफी प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। कंट्रोलर को सूचना दी गई। इस पर पीछे खड़ी आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन को काटकर मालगाड़ी के पीछे जोड़ा गया और मालगाड़ी को धक्का मारकर फफूंद रेलवे स्टेशन के डाउन लूपलाइन तक लाया गया। इसके बाद ही डाउन रेलमार्ग पर यातायात शुरू हो सका। लगभग एक घंटे तक रेल यातायात बाधित रहने के कारण आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के यात्री उतरकर फफूंद रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए थे।
मालगाड़ी का इंजन फेल, कई ट्रेनें फंसीं
- ग्वालियर से कानपुर वाया इटावा जा रही थी मालगाड़ी
- आगरा-लखनऊ इंटरसिटी के इंजन से धक्का मारकर लाया गया फफूंद