अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
सदर विकासखंड में कार्यरत विकलांग अध्यापकों को जांच कराए जाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से औरैया खंड शिक्षाधिकारी को एक माह पूर्व आदेश जारी किए गए हैं। लेकिन एक माह बीतने के बाद भी अभी तक ऐसे विकलांग अध्यापकों को नोटिस जारी नहीं किया गया है, जिससे उनकी जांच अटकी हुई है।
औरैया विकास खंड में कुल 75 विकलांग शिक्षक कार्यरत हैं। शासन के निर्देश पर सभी जिलों में पिछले वर्ष सभी विकलांग शिक्षकों को आदेश जारी किए गए थे, जिनमें से मात्र 14 ने ही जांच कराई थी। शेष ने एक साल बीतने के बाद भी जांच नहीं कराई। एक साल तक जांच न कराए जाने पर विभागीय अधिकारियों ने एक बार फिर मामला संज्ञान में लेते हुए औरैया खंड शिक्षा अधिकारी को 59 विकलांग टीचरों को जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
लेकिन एक माह बीतने के बाद भी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से अभी तक ऐसे शिक्षकों को नोटिस नहीं दिया गया है। सूत्रों की मानें तो कई शिक्षक ऐसे हैं जिन्होंने फर्जी तरीके से विकलांग प्रमाण पत्र बनवा लिए हैं और नौकरी पा गए। जांच में कहीं उनकी पोल न खुल जाए, शायद तभी वह जांच कराने के लिए नहीं जा रहे हैं। औरैया विकासखंड में कई ऐसे विद्यालय हैं, जिनमें पूरा का पूरा स्टाफ विकलांग हैं, ऐसे में उन विद्यालयों में पढ़ाई भगवान भरोसे ही संचालित हो रही है।
औरैया विकासखंड के 59 विकलांग शिक्षकों की जांच करवाए जाने के लिए खंडशिक्षा अधिकारी को आदेश जारी किए जा चुके हैं। अगर अभी तक बीआरसी कार्यालय से ऐसे शिक्षकों को नोटिस नहीं भेजा गया है तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - एसपी यादव
बीएसए
-बीएसए कार्यालय की ओर से 22 जून को भेजा जा चुका है आदेश