औरैया। साइबर ठग ने एक व्यापारी से 13 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। उसने यह ठगी सोलर पावर की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर की। यह रकम अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कराई गई।
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर पुलिस से शिकायत की है। शहर के ब्रह्मनगर निवासी व्यापारी गौरव मिश्रा ने रविवार को साइबर थाने की पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उनकी फर्म प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में सोलर लगवाने का कार्य करती है।
उन्होंने टाटा सोलर पावर के नाम से एक ऑनलाइन फॉर्म भरा था। इसके दो दिन बाद साइबर ठग ने उनके फर्म की मेल आइडी पर कंफर्मेशन लेटर भेजा। 25 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस अकाउंट में जमा कराने के बाद उन्होंने एक एग्रीमेंट बनाकर भेजा। जिसकी फीस दूसरे खाते में जमा करा ली।
इसके बाद उनसे कहा गया कि छह सोलर किट मुंबई से औरैया ट्रक के माध्यम से भेज दी जाएगी। इसकी अनुमानित कीमत छह लाख 90 हजार रुपये बताते हुए तीन लाख रुपये तुरंत जमा करा लिए। धीरे-धीरे बहाना बनाकर ठग ने 13 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए।
इसके बाद भी उन्हें माल नहीं भेजा गया। तब जाकर उन्हें ठगे जाने का अहसास हुआ। साइबर थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर बैंक खातों की जांच की जा रही है।