कदौरा (जालौन)। बिजली के बकायेदारों से वसूली के मुद्दे पर गुरुवार को अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और अवर अभियंता (जेई) में झड़प हो गई। जेई का आरोप है कि एक्सईएन ने उनको थप्पड़ मार दिया। इसकी जानकारी होते ही कर्मचारियों ने दफ्तर में ताला डालकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। जेई के अधीन चारों फीडर भी बंद कर दिए। इससे करीब 150 गांव की बिजली गुल हो गई।
एक्सईएन तरनवीर सिंह ने बताया कि जेई को सिर्फ यह कहा था कि अभियान का आखिरी समय है और वह नलकूपों की बिजली काट रहे हैं, इससे राजस्व नहीं बढ़ेगा। उन्हें बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटने चाहिए। थप्पड़ मारने का आरोप गलत है।
जेई गौरव ने बताया कि उन्होंने एक्सईएन से कहा था कि बड़े बकाएदारों से बात हुई है। उन लोगों ने बकाया बिल जमा करने को कहा है, इसलिए उनके कनेक्शन फिलहाल नहीं काटे जा रहे हैं। बस इसी बात पर एक्सईएन ने गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। गौरव का कहना है कि उन्हें एफआईआर नहीं करानी है। वह सिर्फ इतना चाहते हैं कि अधिकारी अवर अभियंताओं को सम्मान दें।
रात तक बिजली सप्लाई चालू करा दी जाएगी, लेकिन जब तक अधिशाषी अभियंता माफी नहीं मांगते, तब तक जेई कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर रहेंगे। शुक्रवार को सुबह जेई संगठन के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा।
जेई गौरव के मुताबिक वह गुरुवार दोपहर गौहना गांव में चेकिंग कर रहे थे। उसी वक्त एक्सईएन तरनवीर ने फोन कर उन्हें कदौरा स्थित विभाग के दफ्तर पर बुलाया और वहीं कम राजस्व वसूली पर अभद्रता की। जानकारी होने पर संविदाकर्मी दफ्तर पहुंच गए। उनके तालाबंदी कर नारेबाजी करने पर एक्सईएन अपने साथ आए अधीक्षण अभियंता किशन सिंह के साथ मौके से निकल गए।
इस बीच जेई गौरव ने जेई संघ के पदाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इस पर पदाधिकारियों ने उन्हें उरई बुला लिया। तब तक कर्मचारियों ने इटौरा गुरू, बबीना, परौसा, चोरखी फीडर की सप्लाई ठप कर दी। इससे करीब 150 गांव की बिजली गुल हो गई।
इस बाबत अधीक्षण अभियंता किशन सिंह ने बताया कि वह और एक्सईएन साथ थे, जेई ने उन्हें थप्पड़ मारे जाने जैसी कोई बात नहीं बताई। हो सकता है कि दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई हो। यदि सप्लाई ठप की गई है तो उसे तत्काल चालू कराएंगे।
अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह का कहना है कि मामले को जल्द निपटाने के निर्देश अधीक्षण अभियंता को दे दिए गए हैं। किसी भी सूरत में आम लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। घटना पर जेई संघ ने भी रोष जताया है।
जालौन की घटना, जेई का आरोप, कम बकाया वसूली पर एक्सईएन ने जड़ा चांटा
कर्मचारियों ने ठप किए चार फीडर, आज देंगे धरना, एक्सईएन ने आरोप नकारे
घटना के वक्त एक्सईएन के साथ रहे अधीक्षण अभियंता बोले- जेई ने कुछ नहीं बताया
अमर उजाला ब्यूरो