माधौगढ़। माधौगढ़ में एक बाइक टक्कर मारकर भाग रही कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार से टक्कर से बाइक सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। साथ ही कार चालक को गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले ली।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंगरा चौकी के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने पीछे ने एक बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार गंगादीन (60) पुत्र बद्रीप्रसाद निवासी ग्राम गायर जालौन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह बाइक से ग्राम नावली जा रहे थे। टक्कर मारकर कार चालक कार लेकर तेज रफ्तार में भागने लगा। कुछ दूरी पर जाकर कार अनियंत्रित हो गई।
चालक जब तक उसे काबू में कर पाता उससे पहले कार नहर में जा गिरी। हादसा होता देखकर वहां राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने घायल बाइक सवार गंगादीन को सड़क से उठाया और हादसे की सूचना पुलिस को दी। जानकारी पाकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल गंगादीन को अस्पताल भिजवा दिया।
इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर से कार को नहर से बाहर निकलवाया। साथ ही कार को कब्जे में लेकर कार चालक राशिद खान निवासी धौलपुर राजस्थान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए पहुंचे गंगादीन की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बाइक सवार वृद्ध घायल, कार चालक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो