औरैया। खेत पर पकी खड़ी किसान की फसल को तेज हवा आंधी के दौरान ऊपर से निकले बिजली के तारों से निकलने वाली चिंगारी से बचाने को सूचना मिलते ही बिजली बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। बिजली बंद करने की दशा में बिजली अधिकारी संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को भी सूचना देगा।
खेत के ऊपर से निकले बिजली के तारों लाइनों में हवा व आंधी के दौरान एक दूसरे से टकराने पर निकलने वाली चिंगारी से आग की चपेट में आने वाली फसल को बचाने के लिए बिजली विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं।
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता अनूप चंद्र ने बताया कि विभाग की ओर से दिए गए निर्देश के तहत जिस किसान के खेत के ऊपर से बिजली की लाइनें निकलीं हुई हैं, तेज हवा व आंधी के दौरान अगर यह लगता है कि बिजली लाइनों से चिंगारी निकल सकती है और नुकसान हो सकता है तो ऐसी स्थिति में संबंधित किसान द्वारा सूचना दिए जाने पर संबंधित 11 केवीए फीडर का शट डाउन तत्काल लेकर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही बिजली बंद किए जाने के संबंध में संबंधित जन प्रतिनिधि, प्रधान व किसानों को दिए जाने के आदेश दिए गए हैं।