अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
ऊर्जा संरक्षण के लिए अब जिले में स्टूडेंट एनर्जी क्लब का गठन किया जाएगा। क्लब में इंटर कालेज के बच्चों का पंजीकरण कराया जाएगा। क्लब के छात्र अपने स्कूल सहित आसपास के लोगों को बिजली बचाने को लेकर जागरूक करेंगे। अभी तक जिले में करीब 500 छात्रों ने पंजीकरण करवाया है।
प्रदेश में ऊर्जा संरक्षण के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश सरकार अब जिले के माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रयास कर रही है। जिसके तहत कक्षा नौ से 12 तक के बच्चों को ऊर्जा संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिसके लिए नेडा ने कालेजों में जाकर उनके बीच कार्यशाला का आयोजन किया और भी की और उन्हें योजना से अवगत भी कराया।
नेडा के मुताबिक जिले के अलग-अलग कालेजों में छात्रों का एक स्टूडेंट एनर्जी क्लब का गठन किया जाएगा। इसके बाद गठन किए गए क्लब के बच्चे सबसे पहले कालेज परिसर का सर्वे करेंगे। सर्वे में उन बिंदुओं को नोट करेंगे जहां पर बिजली का अपव्यय हो रहा है और उसे बचाया जा सकता है। इसके अलावा अधिक ऊर्जा खर्च करने वाले पुराने पंखों को बदलने का स्कूल प्रशासन से अनुरोध करेंगे। साथ स्कूल में खाली पड़ी कक्षा में चल रहे पंखे व बिजली को बंद करने का काम करेंगे। वहीं, अन्य बच्चों को इसके लिए जागरूक करेंगे। बच्चे केवल स्कूल में ही नहीं बल्कि अपने घर व आसपास के लोगों को ऊर्जा संरक्षण के लिए भी जागरूक करेंगे। इस योजना में हिस्सा लेने वाले छात्रों को शासन स्तर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
इस योजना के हलए डीआईओएस कार्यालय में पत्र भेजा जा चुका है। इसके अलावा विभाग की तरफ से योजना की जानकारी छात्रों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। - संजय वर्मा, परियोजना अधिकारी, नेडा।