उरई। प्रतिवर्ष नवंबर माह में यातायात माह मनाया जाता है। शुक्रवार को एसपी व एएसपी ने हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली का शुभारंभ किया। कालपी स्टैंड पर हुए कार्यक्रम में एसपी ने अपील की कि बाइक सवार हमेशा हेलमेट पहन कर बाइक चलाए। क्योंकि सिर सलामत, तो सब सलामत। ज्यादातर जानें सिर में चोट लगने से जाती हैं।
यातायात माह के शुभारंभ पर शहर के कालपी बस स्टैंड पर एक गोष्ठी हुई। इसमें पहुंचे एसपी अमरेंद्र सिंह व एएसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गोष्ठी में वरिष्ठ अधिकारियों व शहर के गणमान्य नागरिकों ने यातायात पर अपने विचार रखे।
इसके बाद शहर के अंबेडकर चौराहे से यातायात जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें शामिल स्कूली बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियों के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान एसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
इनके पालन करने से किसी का कोई नुकसान नहीं होता है, बल्कि यह जीवन दान देते है। हम अक्सर अपने जीवन को सही मार्ग पर ले जाने के लिए कुछ नियम व उद्देश्य बनाते है। इसी तरह सड़क पर सही सलामत चलने के लिए यातायात नियमों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
आज की युवा पीढ़ी बाइक से तेज रफ्तार में निकलते नजर आते है। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वह बच्चों को हेलमेट लगाने व यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दें। एएसपी ने कहा कि जिंदगी बहुत अमूल्य है, इसे संजोकर रखें।
इस दौरान एसडीएम अक्षय त्रिपाठी, सीओ सिटी संतोष कुमार, एआरटीओ धनवीर यादव, एआरटीओ सर्वेश कुमार, नगर पालिका ईओ रविंद्र कुुमार, यातायात प्रभारी शिवप्रताप सिंह चौहान, एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल के प्रबंधक इं. अजय इटौदिया, आरआई देवीगुलाम सिंह, युद्धवीर कंथरिया, अलीम सर, डॉ. ममता स्वर्णकार आदि मौजूद रहे।
यातायात माह के शुभारंभ पर हुई गोष्ठी में एसपी ने दी सलाह, निकाली गई रैली
अमर उजाला ब्यूरो