औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले में 51 सेंटरों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसमें 1027 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। टीकाकरण अभियान में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों ने गांव-गांव चौपालें लगाकर ग्रामीणों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया।
नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सोमवार को सात सेंटरों पर टीकाकरण कराने लाभार्थी नहीं पहुंचे। 44 सेंटरों पर 927 लाभार्थियों ने पहली और 100 लाभार्थियों ने दूसरी डोज लगवाई है। बताया कि टीकाकरण कराने वालों में 45 साल से 60 साल तक के 616 लाभार्थियों और 60 से अधिक आयु के 310 लाभार्थियों ने पहली डोज लगवाई है। जबकि 45 से 60 साल के मात्र 67 लोगों ने दूसरी और 60 साल से अधिक आयु के 29 लाभार्थियों ने दूसरी डोज लगवाई है।