औरैया। जनपद के परिषदीय स्कूलों में क्रीड़ा प्रतियोगिता को लेकर लिए जा रहे शुल्क पर शिक्षकों के संगठन यूटा ने आपत्ति जताई है। संगठन के पदाधिकारियों ने शासन से प्राप्त राशि से ही क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन कराने की मांग की है। बीएसए को ज्ञापन देकर क्रीड़ा शुल्क की वसूली न करने की मांग की गई।
शुक्रवार शाम यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी जिला मुख्यालय स्थित बीएसए कार्यालय पहुंचे। यूटा के जिलाध्यक्ष ओमजी पोरवाल ने बीएसए एसपी सिंह को ज्ञापन देकर बताया कि जनपद में क्रीड़ा प्रतियोगिता कराई जा रही है। इसके लिए शासन से पैसा आया है। क्रीड़ा प्रतियोगिता पहले संकुल, फिर ब्लाक स्तर व इसके बाद जिला स्तर पर आयोजित होंगी। प्रतियोगिता के नाम पर कुछ संकुल प्रभारी बीआरसी पर नियुक्त सह समन्वयकों के इशारे पर बीईओ का नाम लेकर शिक्षकों से दो सौ से पांच सौ वसूल रहे हैं। संकुल प्रभारी का काम अपने स्कूल में शिक्षण कार्य कर सूचनाओं का आदान-प्रदान करना है। यह स्कूलों में जाकर निरीक्षण के नाम पर शिक्षकों को परेशान कर रहे हैं।
ओमजी पोरवाल ने वसूली की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर आलोक बाबू गुप्ता, प्रदीप कुमार गुप्ता, मनोज राठौर, शरद कुमार, राहुल यादव व प्रवीण कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
क्रीड़ा शुल्क के नाम पर वसूली को लेकर नाराजगी
बीएसए को दिया ज्ञापन, जांच कर कार्रवाई की मांग