उरई। करमेर रोड पर गुरुवार की रात ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। आनन फानन में बिजली विभाग और दमकल को सूचना दी गई। ट्रांसफार्मर के आसपास के घरों में रहने वाले लोग सड़कों पर निकल आए। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। आग लगने से करीब आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार दोपहर तक ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम जारी रहा।
इलाकाई लोगों ने बताया कि देर रात करीब 10 बजे के आसपास अचानक ट्रांसफार्मर से तेल का रिसाव शुरू होने लगा। इसके कुछ देर बाद ही ट्रांसफार्मर ने आग पकड़ ली, और देखते ही देखते वह धू-धूकर जलने लगा। ट्रांसफार्मर से ऊंची लपटें उठती देख इलाकाई लोगों ने फौरन बिजली विभाग और दमकल को सूचना दी।
इस पर तत्काल ही सप्लाई काट दी गई और दमकल भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आग को काबू में पाया जा सका। ट्रांसफार्मर में आग के कारण राजेंद्रनगर, हाथी मंदिर रोड और बंबी रोड के करीब आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों की बिजली आपूर्ति शुक्रवार दोपहर तक बाधित रही।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार की शाम तक सप्लाई सामान्य करा दी जाएगी। इधर, बिजली न होने से लोगों को पानी के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर काफी पुराना हो गया, आएदिन ओवरलोड के कारण ट्रिप भी हो जाता है। इस कारण बिजली की किल्लत भी हमेशा बनी रहती है।
दमकल ने बुझाई आग, मरम्मत में लगे कर्मी
अमर उजाला ब्यूरो