अमरोहा। इस साल शहर के विकास पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए नगर पालिका सेफ सिटी, वैश्विक नगर सृजन योजना के तहत काम कराएगी। शहर में कूड़ा निस्तारण के लिए सीएनजी आधारित सॉलिड वेस्ट प्लांट लगाया जाएगा। अमरोहा-जोया रोड को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
बंबूगढ़-जोया रोड ओवरब्रिज के बीच परशुराम द्वार बनाने के साथ शहर में आने वाले चार रास्तों पर मुख्य द्वार बनाने की तैयारी है।
रज्जाकपुर, कैलसा समेत कई चौराहों का सौंदर्यीकरण होगा। पर्यटन विभाग के साथ मिलकर सहभागिता योजना के तहत लाइट एंड साउंड शो तैयार कराए जाएंगे। साथ ही जटीवन के पास थीम पार्क बनाने की योजना है। करीब बारह सालों से अधूरे पड़े कांठ रोड नाले को पूरा करने को 19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर पालिका ने इसकी कार्ययोजना तैयार करने कवायद शुरू कर दी है।
साल 2021 में नगर पालिका का सीमा विस्तार हुआ था। इसमें पंचायती राज विभाग के 45 गांव अमरोहा नगर पालिका में शामिल हुए थे। इन गांवों को छह वार्ड में विभाजित किया गया है। साल 2026 में शहर को स्वच्छ, सुंदर बनाने के साथ मुरादाबाद की तर्ज पर स्मार्ट शहर बनाने की कवायद होगी। इसके लिए शहर में आने वाले मुख्य मार्गों पर पड़ने वाले चौराहों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जहां द्वार बनाए जाएंगे।
पालिका की नई आबादी में बने 12 पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इतना ही नहीं नगर पालिका में शामिल हुए गांवों में सड़क, नाली व अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
इसके अलावा कार्यालय भवन, को-वर्किंग स्पेस, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, फूड स्ट्रीट हब/रात्रि-साप्ताहिक बाजार, कियॉस्क, मैकनाइज्ड एवं अन्य स्मार्ट पार्किंग, कौशल विकास केंद्र, नगरीय संग्रहालय, प्रदर्शनी स्थल, वाणिज्यिक स्थल, टाउनहाल, सीनियर केयर सेंटर, रिटायरमेंट होम, आर्ट गैलरी, सभागार, प्रदर्शन कला केंद्र, कम्युनिटी थियेटर, कैफे, बुक कैफे, पेट क्लीनिक, सिटी ब्रांडिंग, निराश्रित गृह, डिजिटल पुस्तकालय, स्टडी सेंटर, बहुउद्देश्यीय खेल सुविधाएं, ओपन जिम, अर्बन प्लाजा, पुर्नवास, नैदानिक केंद्र, कल्याण केंद्र, योगशाला, शिशु गृह का निर्माण कार्य होने हैं।