गजरौला (अमरोहा)। बहन के घर से लौट रहे बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के गांव अब्दीपुर कल्याण निवासी बाइक सवार युवक लव देशवाल की बाइक आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। घायल युवक को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर शव मोर्चरी पर रखवा दिया।
पुलिस ने बताया कि बिजनौर के अब्दीपुर कल्याण निवासी लव देशवाल (25) पुत्र वेदपाल सिंह की हापुड़ के गढ़ में बहन रहती है। सोमवार की सुबह लव देशवाल अपनी बहन के घर से बाइक से लौट रहा था। सुबह सवा दस बजे उसकी बाइक चौपला से नगर की तरफ जाते समय रेलवे लाइन पर बने ओवरब्रिज पर पहुंची। आगे ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रहा था। उसकी बाइक पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस कर्मी घायल को तुरंत सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां पर देखते ही लव देशवाल को मृत घोषित कर दिया। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के जरिये परिजनों को जानकारी दी गई। हादसे में बेटे की मौत की खबर सुन परिजन मोर्चरी पर पहुंचे। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव ले गए। मृतक के पिता गांव में ही जूते-चप्पल की दुकान करते हैं। थाना प्रभारी अरिहंत सिद्धार्थ ने बताया कि हादसे में युवक की मौत का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया गया है।
हेलमेट होता तो बच सकती थी लव देशवाल की जान
बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार युवक लव देशवाल ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हादसे के बाद उसे सीएचसी ले जाने पर पता चला कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस व अस्पताल में मौजूद लोगों का कहना था कि यदि वह हेलमेट लगाए होता तो उसकी जान बच सकती थी। हेलमेट न लगाने की लापरवाही जान पर भारी पड़ गई।