गजरौला के मोहल्ला विजयनगर में निर्माणाधीन घर के आगे लगी भीड़।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला। निर्माणाधीन मकान के ऊपर गुजर रही 33 हजार की लाइन की चपेट में आकर युवक बुरी तरह झुलस गया। उसके शरीर और कपड़ों से आग की लपटें उठने लगीं। आनन-फानन में उसे पास ही एक चिकित्सक को दिखाया गया। उसके शरीर पर गोबर का लेप भी लगाया। बाद में उसे एक नेता की गाड़ी में मेरठ ले जाने की बात कही गई। वहीं, शाम सवा पांच बजे मेरठ में मौजूद पिता ने उसकी हालत गंभीर होने की जानकारी दी।
मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे यह हादसा नगर के मोहल्ला अतरपुरा (विजयनगर) में एक निर्माणाधीन मकान में हुआ। यह मकान एक नेता का बताया जा रहा है। यहां गांव नौनेर निवासी मनोज (35) पुत्र शीशराम अपने पिता और गांव के ही रिश्तेदार मेहर सिंह आदि के साथ काम कर रहा था। सभी लोग नीचे थे जबकि मनोज छत पर था। इस मकान के ऊपर 33 हजार की लाइन गुजर रही है और बिजली का खंभा बिल्कुल दीवार से सटा हुआ है। बताते हैं कि अचानक ही मनोज 33 हजार की लाइन से टच हो गया। इससे तेज आवाज के साथ उसके शरीर और कपड़ों में आग लग गई। यह देख वहां मौजूद पिता शीशराम और अन्य लोगों ने मिट्टी आदि डालकर आग बुझाई और उसे पास ही एक चिकित्सक के पास ले गए। उसने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद मनोज को वापस लाकर उसके शरीर पर गोबर का लेप लगाया गया। इसी दौरान जानकारी होने पर एक नेता की गाड़ी में उसे लिटाकर मेरठ ले जाने की बात कही गई। वहीं शाम सवा पांच बजे शीशराम ने बताया कि उसका पुत्र मनोज मेरठ में ही निजी अस्पताल में भर्ती है।