बछरायूं(अमरोहा)। बैटरी चोरी के शक में मजदूर राकेश सिंह (30) को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और उसे गांव के बाहर फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल राकेश सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव रामपुर खादर निवासी राकेश सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, 19 अगस्त को पड़ोसी गांव सुल्तानपुर में एक किसान की बैटरी चोरी हो गई थी। चोरी का शक राकेश पर जताया गया। आरोप है कि कुछ लोग उसे पकड़कर पहले सुल्तानपुर फिर ढाकोवाली गांव ले गए और पूछताछ के नाम पर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हालत बिगड़ने पर उसे गांव के बाहर फेंक दिया गया।
उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर गंभीर हालत में पड़े राकेश पर पड़ी तो उन्होंने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे गांव बसी मुस्तकम स्थित एक चिकित्सक के पास ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार शाम उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। राकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ धनौरा अंजलि कटारिया ने बताया कि मृतक की पत्नी मुकेश देवी की तहरीर पर ढाकोवाली निवासी दुर्योधन और पंकज के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।