जिला पंचायत उपचुनाव में शुरू हुई रंजिश में शनिवार को फिर मारपीट हो गई। रंजिश में दबंगों ने लाठी-डंडों घर में घुस युवक का अपहरण कर लिया। सूचना पर थाना पुलिस ने मशक्कत के बाद युवक को घायल हालत में बरामद किया।
युवक पर हमला कर घायल कर दिया गया था। घायल का पुलिस ने मेडिकल कराया। 40 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया गया है। दबंगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए परिजन और ग्रामीण थाने आ पहुंचे। थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के धनौरी अहीर गांव निवासी इसरत अली के परिवार ने जिला पंचायत के 26 वार्ड के उपचुनाव में आकिब चौधरी की पत्नी सुबूर चौधरी को इलेक्शन लड़ाया था। जीत भी सुबूर चौधरी की हुई थी। हारने वाले प्रत्याशी के समर्थक इसरत के परिवार से रंजिश रखने लगे।
चुनाव परिणाम के बाद जश्ने जुलूस के दौरान रात को इसरत के परिवार से विवाद हो गया था। मारपीट भी हुई थी। थाने में तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुरानी रंजिश और बढ़ती गई। इसरत के परिवार का वसीम शनिवार की सुबह अपने घर पर था।
आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोग लाठी डंडों और हथियारों से लैस हो वसीम के घर घुस आए। स्कार्पियो में डाल कर वसीम का अपहरण कर ले गए। इसरत के भाई की बीवी के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग दौड़ कर आए। पुलिस को सूचना दी और डीआईजी को भी फोन कर दिया।
दिनदहाडे़ युवक के अपहरण की सूचना से पुलिस हरकत में आई। उधर दबंगों ने हमला कर वसीम को घायल कर दिया। पीछा कर पुलिस ने युवक को घायल अवस्था में बरामद कर लिया। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
युवक ने अपहरणकर्ताओं पर 40 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप था कि आरोपी वहीं थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें नहीं पकड़ा। कार्रवाई की मांग को लेकर शाम को युवक के परिजन ग्रामीणों के साख थाने पहुंचे। जमकर हंगामा किया।
अपहरणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साबिर, रुस्तम, इंतजार, तालिब, जुल्फेकार, इश्तेकार, शाने आलम, राशिद, मुशाहिद, इब्राहिम, उमेद अली के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अपहरण जैसी कोई बात नहीं है। मामले में मारपीट हुई थी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ऋषिकुमार, एसओ देहात